तहसील में एसडीएम को ज्ञापन सौंपते सपा कार्यकर्ता
- फोटो : MAHOBA
महोबा। कानपुर के व्यापारी मनीष गुप्ता की पुलिस पिटाई से मौत की घटना के बाद पूरे प्रदेश में आक्रोश है। गुरुवार को सपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने हत्या के विरोध में सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया। आंबेडकर पार्क में धरना देकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। बाद में तहसील पहुंचे राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। जिसमें आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को दो करोड़ रुपये की आर्थिक मदद दिलाए जाने की मांग की।
सपा जिलाध्यक्ष प्रानसिंह यादव के नेतृत्व में आधा सैकड़ा से अधिक कार्यकर्ता आंबेडकर पार्क में धरने पर बैठ गए। उन्होंने गोरखपुर में पुलिस पिटाई से व्यापारी मनीष गुप्ता की हत्या के विरोध में नारेबाजी की। हाथों में तख्तियां लिए कार्यकर्ता व्यापारी को न्याय दिए जाने की मांग करते रहे। बाद में उपजिलाधिकारी मोहम्मद अवेश को ज्ञापन सौंपा। कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पटरी से उतर गई है। व्यापारी व आम लोग अपने आपको असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
ज्ञापन में दोषी अधिकारी पर हत्या का मुकदमा दर्ज किए जाने, पीड़ित परिवार को दो करोड़ का मुआवजा देने, मनीष गुप्ता की पत्नी को सरकारी नौकरी दिए जाने व प्रदेश के व्यापारियों को सुरक्षा प्रदान किए जाने की मांग की है। इस मौके पर पूर्व मंत्री सिद्घगोपाल साहू, रामजीवन यादव, व्यापार सभा के जिलाध्यक्ष संतोष साहू, लोहिया वाहिनी प्रदेश सचिव योगेश यादव योगी, छात्रसभा प्रदेश सचिव कैलाश कुशवाहा, सोमिल सिंह, अमित यादव, लवकेश राजपूत, शाहिद राजू, जाफिर अंसारी समेत तमाम सपाई मौजूद शामिल रहे।