महोबा। शासन द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुसार चार माह बाद 9वीं से 12वीं कक्षा तक केे स्कूल 50 फीसदी क्षमता के साथ खुल गए हैं। पहले दिन स्कूल पहुंचे छात्रों ने गुरुजनों का आशीर्वाद लेकर कक्षा में पहुंचकर पढ़ाई शुरू की। दो पारियों में कक्षाएं संचालित हो रहीं हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक ने स्कूलों का निरीक्षण कर जायजा लिया।
सोमवार को स्क्रीनिंग के बाद स्कूलों में प्रवेश दिया गया। जीआईसी के प्रधानाचार्य पीसी अनुरागी ने बताया कि दो पालियों में पचास फीसदी छात्रों को बुलाया जा रहा है। पहले दिन से छात्रों को क्लास लेनी शुरू कर दी है।
वहीं सरस्वती विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य केएल सैनी ने बताया कि पहले दिन छात्रों की संख्या कम रही है। दो पालियों में कक्षाओं का संचालन शुरू कर दिया गया है। जिसमें आठ से 12 बजे तक और 12 से चार बजे तक कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है। पहले दिन 1500 में से 490 विद्यार्थी आए हैं।