महोबा। कोतवाली क्षेत्र के बरी पहाड़ में चार दिन पहले युवक की डंपर से कुचलकर हत्या किए जाने के मामले में फरार चल रहे ट्रक चालक, मालिक समेत तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।
गौरतलब है कि उटियां गांव निवासी राकेश तिवारी बरी पहाड़ में अपनी कंप्रेशर मशीनें चलवाता था। जिनकी देखरेख के लिए वह 29 जून को पहाड़ गया था। इसी दौरान एक डंपर ने राकेश को कुचल दिया था। जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई थी। मृतक के भाई राजेश ने पुलिस को बताया कि तीन दिन पहले किसी बात को लेकर डंपर मालिक रमेश से विवाद हो गया था।
इसी खुन्नस के चलते भाई राकेश के ऊपर साजिश के तहत डंपर चढ़वाकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी डंपर मालिक रमेश, चालक शिवनाथ व सहयोगी लल्लू त्रिपाठी के खिलाफ साजिश रचकर हत्या का मामला दर्ज किया था।
शनिवार को कोतवाली प्रभारी बलराम सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने तीनों आरोपियों को बिलबई चुंगी के पास से गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों को जिला अस्पताल में डॉक्टरी परीक्षण कराने के बाद न्यायालय पेशी के लिए भेजा गया।