महोबा। बुंदेलखंड महाविद्यालय झांसी से संबद्ध महाविद्यालय की वार्षिक परीक्षाएं आज से शुरू होंगी। तीन पालियों में स्नातक व परास्नातक वर्ष की परीक्षाएं कराई जाएंगी। जिले के 16 परीक्षा केंद्रों में 22,969 परीक्षार्थी हिस्सा लेंगे। सभी परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी वाइस रिकॉर्डर कैमरा लगाए गए हैं।
महाविद्यालयों की परीक्षाओं को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वीरभूमि महाविद्यालय के प्राचार्य व नोडल अधिकारी प्रो. सुुशील बाबू ने बताया कि 16 परीक्षा केंद्रों में 10,814 छात्र व 11,455 छात्राएं देंगी। नकलविहीन परीक्षाएं कराने के लिए सचल परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण करेगा। परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों में आधा घंटा पहले उपस्थित होना अनिवार्य है। पहली पाली सुबह सात बजे से दस बजे तक, दूसरी पाली 11 बजे से दो बजे तक और तीसरी पाली में दोपहर तीन बजे से शाम छह बजे तक परीक्षाएं होंगी। नोडल अधिकारी ने बताया कि छात्राओं का परीक्षा केंद्र स्थायी रखा गया है जबकि छात्रों का दूसरे महाविद्यालयों में परीक्षा केंद्र बनाया गया है।