महोबा। जिले के थानों में शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें डीएम और एसपी समेत अन्य अफसरों ने पीड़ितों की समस्या सुनकर निराकरण किया।
खन्ना थाने में डीएम सत्येन्द्र कुमार, एसपी सुधा सिंह ने शिकायतें सुनीं। दो शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया। शेष का संबंधित विभाग के अधिकारियों से निस्तारण करने के लिए निर्देशित किया। क्षेत्र से ज्यादातर राजस्व विभाग के मामले व घरेलू विवाद की शिकायतें मिलीं।
डीएम ने लेखपालों को संबंधित गांव में उपस्थित रहकर कार्य करने की हिदायत दी। एसपी ने अपराध रजिस्टर देखकर थाना प्रभारी शिव आसरे को छोटी घटनाओं की सूचना मिलने पर मौके पर जाकर निपटाने के निर्देश दिए। थाना श्रीनगर में समाधान दिवस एडीएम आरएस वर्मा की अध्यक्षता में हुआ। इसमें जमीन संबंधी तीन शिकायतें मिलीं। तहसीलदार बाल गोविंद सिंह ने टीम बनाकर जांच के लिए रवाना किया।
अपर पुलिस अधीक्षक आरके गौतम, थानाध्यक्ष अनिल कुमार, लेखपाल अजय तिवारी, इंद्रपाल पाल, बिपिन बिहारी चौबे, बदलू प्रमोद रावत समेत अन्य लेखपाल मौजूद रहे। कोतवाली चरखारी में अपर जिलाधिकारी राम सुरेश वर्मा एवं अपर पुलिस अधीक्षक आरके गौतम की अध्यक्षता में समाधान दिवस हुआ। एक शिकायत का मौके पर निस्तारण किया। तीन शिकायतों का संबंधित अफसरों को निरस्तारण करने निर्देशित किया।
एडीएम व एएसपी ने आवेदक राम सिंह के भूमि विवाद की शिकायत सुनी। राम सिंह और प्रतिवादी शैलेंद्र कुमार को नक्शा बंदोबस्ती को दुरुस्त कराने का वाद धारा 28 के तहत दायर करने के लिए निर्देशित कर यथा स्थिति बनाए रखने के लिए कहा। सीओ चरखारी उमेश चंद्र, कोतवाली प्रभारी शशि कुमार पांडे, एसआई विनोद यादव, अनूप कुमार पांडे, मोबीन अली, चेतराम सहित राजस्व कर्मी मौजूद रहे।