ट्रक की टक्कर से क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर-ट्राली।
- फोटो : MAHOBA
महोबा/पनवाड़ी। झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर टोल प्लाजा के पास गैस सिलिंडरों से भरे ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्राली में टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर चालक और किसान घायल हो गए। अन्य हादसों में मां-बेटी समेत दस लोग घायल हुए हैं।
थाना महोबकंठ के रजौनी गांव निवासी ट्रैक्टर चालक हरनारायण (35) गांव के किसान विजय साहू (28) के साथ ट्रैक्टर-ट्राली में मटर भरकर बेचने राठ मंडी जा रहा था। हाईवे पर टोल प्लाजा के पास हरपालपुर की ओर से आ रहे गैस सिलिंडरों से भरे ट्रक ने ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से ट्रैक्टर उछलकर दूर जा गिरा और ट्राली उसके ऊपर चढ़ गई।
इससे चालक और किसान ट्रैक्टर में फंस गए। राहगीरों ने किसी तरह दोनों को सीएचसी पनवाड़ी पहुंचाया। विजय की हालत नाजुक होने पर मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया।
उधर, मोहल्ला सुभाषनगर निवासी वीरवती (26) पुत्री खुशी (4), पुत्र महत (2) व भतीजी रूपाली (13) के साथ सोमवार की दोपहर ई-रिक्शा से एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए लवकुशनगर जा रही थी। लवकुशनगर तिराहे के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार से बचने में ई-रिक्शा पलट गया।
राहगीरों की मदद से मां-बेटी समेत चारों को जिला अस्पताल लाया गया। इसी तरह पसवारा निवासी घासीराम (50), परसाहा निवासी राकेेश (28), ढपलाना निवासी हसीना (60), करहराकलां निवासी गुड्डो (34) डढ़हतमाफ निवासी इंदा (30) व बिलवई चुंगी निवासी राजेश (15) अन्य सड़क दुर्घटनाओं में घायल हो गए। गंभीर हालत में सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।