महोबा/पनवाड़ी। कस्बा स्थित पनवाड़ी मार्ग पर गुुरुवार को सवारियों से भरा ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में एक वृद्ध की मौत हो गई, चार लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहीं, अन्य सड़क दुर्घटनाओं में पांच लोग घायल हो गए।
नटर्रा गांव से गुरुवार की सुबह सवारियों से भरा ई-रिक्शा कस्बा पनवाड़ी जा रहा था। गांव से दो किमी आगे पनवाड़ी मार्ग पर ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दुर्घटना में नटर्रा निवासी जवाहर पाल (85), खूब सिंह, अंगूरी, पप्पू व मुन्ना घायल हो गए। राहगीरों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पनवाड़ी में भर्ती कराया गया। जवाहर पाल की हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
उधर, कस्बा कबरई के मोहल्ला किदवई नगर निवासी सागर (36) बाइक से महोबा जा रहे थे। रास्ते में किड़ारी गांव के पास अन्ना मवेशी को बचाने में बाइक सवार घायल हो गया। इसी तरह प्राईवेट बस स्टैंड निवासी कृष्णा (62), महुआबांध निवासी पिंकी (31), राजानगर उरई निवासी जयप्रकाश (36) व बरातपहाड़ी निवासी अमन (21) सड़क हादसों में घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हेलमेट न लगाए होने से बाइक सवारों के सिर पर गंभीर चोटें आईं हैं।