नगर में कोरोना से बचाव को लेकर चर्चा करते डॉक्टर।
- फोटो : MAHARAJGANJ
‘सतर्कता और वैक्सीन ही होगा कोरोना से बचाव’
आईएमए के जिला अध्यक्ष से की कोविड गाइडलाइन के पालन की अपील
महराजगंज। कोरोना के ओमिकॉन और डेल्टा वेरिएंट से बचाव सतर्कता और टीकाकरण से ही संभव है। संक्रमण से बचने के लिए सभी चिकित्सक एवं पैरामेडिकल स्टाफ व फ्रंटलाइन वर्कर्स को जल्द से जल्द बूस्टर डोज लगवाने की जरूरत है। ये बातें आईएमए महराजगंज के अध्यक्ष डॉ. ठाकुर भरत श्रीवास्तव ने शहर में एक सेंटर पर बैठक के दौरान कहीं।
डॉ. भरत श्रीवास्तव ने लोगों से कहा है कि वे खुद कोरोना गाइडलाइन का पालन करें और दूसरों को भी जागरूक करें। सतर्कता से ही इस बीमारी से बचाव संभव है। कहा कि इस बीमारी की रोकथाम में चिकित्सा कर्मियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। ऐसे में उन्हें विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। वे खुद सुरक्षित रहेंगे तभी लोगों को सुरक्षित रखने में योगदान दे सकेंगे। डॉ. पीके श्रीवास्तव, डॉ. डीके साहनी, डॉ. अबरार, डॉ. निशांत कुमार, डॉ. शांति, डॉ. विजय मिश्रा, डॉ. ज्योत्सना ओझा, डॉ. रश्मि श्रीवास्तव, डॉ. गौरव मद्धेशिया, डॉ. परितोष सिंह, डॉ. जैनुल आबेदीन, डॉ. सलीम खान आदि ने लोगों से कोविड के नियमों का पालन करने की अपील की। रोटरी क्लब के संस्थापक अध्यक्ष विन्ध्यवासिनी सिंह ने भी लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया।