वृद्धा को मृत बताकर बंद कर दी पेंशन
परतावल (महराजगंज )। सरकारी विभागों के अधिकारियों के कारनामे अजब-गजब हैं। जीवित को मृत दिखाकर वृद्धावस्था पेंशन बंद कर दी। परतावल विकास खंड के ग्राम पंचायत ऊंटी खास की अशरफी देवी पत्नी स्व. राम अवध को दो साल से वृद्धावस्था पेंशन मिल रही थी। जो जुलाई-2021 में अचानक बंद कर दी गई।
अशरफी देवी ने बताया कि दो माह तक पेंशन न आने पर जब पूछताछ की तो पता लगा कि उन्हें सरकारी कागजों में मृत घोषित किया जा चुका है। आधार कार्ड, बैंक पासबुक, आनलाइन आवेदन की प्रति के साथ अधिकारियों को शिकायती पत्र दिया, लेकिन अभी तक उनकी पेंशन चालू नहीं हो पाई है। अशरफी देवी के पौत्र मनोज ने जिलाधिकारी व समाज कल्याण अधिकारी को प्रार्थना देकर मामले की जांच करने की मांग की। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बीडीओ परतावल को पत्र जारी कर प्रकरण की जांच करने व दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। बीडीओ लक्ष्मण चतुर्वेदी ने बताया कि प्रकरण की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।