सीएमओ व अधीक्षक का वेतन रोका, सुधार के निर्देश
महराजगंज/फरेंदा। मंडलायुक्त रवि कुमार एनजी ने सोमवार को जिले का भ्रमण किया। उन्होंने सीएचसी बनकटी का निरीक्षण किया तथा अस्पताल में कमियां मिलने पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने सीएमओ डॉ. एके श्रीवास्तव व अधीक्षक डॉ उमेश चंद्रा का वेतन रोकते हुए एक सप्ताह के भीतर व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। फरेंदा तहसील, चौक बाजार स्थित सीएचसी, सोनाड़ी देवी व गोरखनाथ मंदिर का निरीक्षण कर जिम्मेेदारों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बनकटी अस्पताल परिसर में गंदगी व जलभराव दिखा, जिस पर अधिशासी अधिकारी को एक सप्ताह में सुधार का निर्देश दिया। रैन बसेरा में फर्नीचर टूटा व बेतरतीब ढंग से रखा देख तत्काल व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। दवा वितरण कक्ष में दवा की उपलब्धता,रखरखाव व रजिस्टर तथा जीवन रक्षक इंजेक्शन की जानकारी ली। एंटी रैबिज इंजेक्शन के चारो डोज का सही इंट्री न होने पर सीएमओ व अधीक्षक को फटकार लगाई। उपस्थित रजिस्टर में रविवार को भी सभी कर्मचारियों के हस्ताक्षर देख कर चकित हो गए। भ्रमण रजिस्टर में इंट्री न होने के कारण दो रजिस्टर को सीज कर दिया। पैथोलॉजी कक्ष में एलटी गौरीशंकर त्रिपाठी सही जबाब नहीं दे पाए तो नाराजगी जताते हुए निलंबित करने की चेतावनी दी। पांच वर्ष से धूल फांक रही अल्ट्रासाउंड मशीन को भी तत्काल प्रारंभ कराने तथा रेडियोलाजिस्ट को सप्ताह में दो दिन यहां बैठाने के निर्देश दिए। तहसील के निरीक्षण के दौरान भी जिम्मेदारों को आवश्यक निर्देश दिएा।
‘ठीक ढंग से कराएं फिनिशिंग का कार्य’
मंडलायुक्त रवि कुमार एनजी ने चौक बाजार में बन रहे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गोरखनाथ मंदिर व सोनाड़ी देवी मंदिर का निरीक्षण करने के उपरांत जिम्मेदारों को निर्देशित किया कि भवनों के फिनिशिंग का कार्य ठीक से कराना सुनिश्चित करें। इसमें सुधार की आवश्यकता है।
‘रोगों से बचाव के लिए चलाएं अभियान’
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में मंडलायुक्त ने कहा कि रोगों से बचाव को लेकर अभियान चलाकर कार्रवाई की जाए। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सफाई के लिए डीपीआरओ को निर्देशित किया। यह भी कहा कि जो भी कार्य किए जाएंगे उसकी फोटोग्राफ्स सीडीओ को भेजी जाए। सीडीओ अपनी रिपोर्ट भेजना सुनिश्चित करें। अधिशासी अभियंता जलनिगम को निर्देशित किया कि इंडिया मार्का हैंडपंप के शुद्धता की जांच कराएं। ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में आशा व आंगनबाड़ी कार्यकत्री भ्रमण कर बुखार से प्रभावित बच्चों व व्यक्तियों की सूचना संबंधित अधिकारी को उपलब्ध कराएं। बेहतर ईलाज के लिए उन्हें अस्पतालों में भर्ती कराया जाए। उन्होंने पेंशन, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, शिक्षा समेत अन्य कार्यों की समीक्षा करते हुए जिम्मेदारों को आवश्यक दिशानिर्देश दिया। इस दौरान डीएम डॉ. उज्ज्वल कुमार, सीडीओ गौरव सिंह सोगरवाल, संयुक्त निदेशक स्वास्थ्य एके गर्ग, एडीएम कुंजबिहारी अग्रवाल, अपर एसडीएम अविनाश कुमार समेत अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।