महराजगंज। यू-डायस पोर्टल के स्टूडेंट माड्यूल पर विद्यार्थियों का विवरण अपलोडिंग नहीं करने वाले 275 मान्यता प्राप्त विद्यालयों को नोटिस जारी की गई है। बीएसए ने चेतावनी दी है कि अगर तीन दिन में डाटा लोड नहीं किया गया और सटीक जवाब नहीं दिया गया तो मान्यता निरस्त कर दी जाएगी।
जिले के तमाम मान्यता प्राप्त विद्यालय के प्रधानाचार्य, प्रबंधक स्कूल में अध्ययनरत विद्यार्थियों का डेटा यू डायस पोर्टल पर अपलोड करने में रुचि नहीं दिखा रहे हैं। शासन के आदेश पर जिलाधिकारी अनुनय झा ने पत्र लिखकर सभी 12 ब्लाॅकों के ऐसे विद्यालय जिन्होंने अब तक विद्यार्थियों का डाटा लोड नहीं किया है, उनसे स्पष्टीकरण मांगा है। तीन दिन के भीतर डाटा अपलोड करने का आदेश दिया है। 275 विद्यालयों ने अबतक किसी भी विद्यार्थी का डाटा पोर्टल पर अपलोड नहीं किया है।
बृजमनगंज ब्लाॅक के 28 विद्यालय, धानी के चार, घुघली ब्लाॅक के 18, लक्ष्मीपुर के 28, महाराजगंज के 12 स्कूलों ने विद्यार्थियों से संबंधित सूचनाएं पोर्टल पर अपलोड नहीं किया है। मिठौरा के 29, निचलौल के 21, नौतनवा के 33, पनियरा के 11, परतावल के 38, फरेंदा के 28 तथा सिसवा ब्लाॅक के 24 विद्यालयों ने अध्ययनरत किसी भी बच्चे से संबंधित जानकारी पोर्टल पर साझा नहीं किया है। ऐसे 275 विद्यालयों को नोटिस दिया गया है। इन सभी विद्यालयों को तीन दिन का समय दिया गया है। इसी समय मे इनको अपने यहां अध्ययनरत विद्यार्थियों का डाटा पोर्टल पर चढ़ाना है। यदि यह विद्यालय सूचना अपलोड नहीं करते हैं तो इन स्कूलों की मान्यता निरस्त करने की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्रवण कुमार गुप्ता ने बताया कि संबंधित स्कूलों को पत्र भेज दिया गया है। स्पष्टीकरण मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।