- धनेवा स्थित राजकीय महाविद्यालय में होगा आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। महिला सशक्तीकरण व पंचायती राज की चुनौतियां और प्रत्युत्तर विषयक राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन सोमवार व मंगलवार को धनेवा स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर राजकीय महाविद्यालय में होगा। संगोष्ठी में वक्ता के रुप में सिद्धार्थ विश्वविद्यालय के साथ-साथ अन्य विश्वविद्यालयों व महाविद्यालयों के लगभग 200 लोग चर्चा में हिस्सा लेंगे।
महिलाओं के सर्वांगीण विकास से ही समाज की दशा व दिशा में परिवर्तन आ सकता है। प्राय: देखा जा रहा है कि पंचायती राज विभाग में ग्राम पंचायत की प्रधान के रुप में महिला निर्वाचित हो रही हैं, लेकिन वे अपनी पूर्ण क्षमता से कार्य नहीं कर पा रही हैं। ऐसे में महिला सशक्तीकरण व पंचायती राज में महिलाओं की भूमिका पर सवालिया निशान लग रहा है। इनके समक्ष आ रही चुनौतियों को दूर करने व इन्हें जवाबदेह बनाने के लिए महाविद्यालय के जिम्मेदारों ने सोमवार व मंगलवार को राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया है। इसमें होने वाली चर्चा में बतौर मुख्य अतिथि सिद्धार्थ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर हरी बहादुर श्रीवास्तव, विशिष्ट अतिथि के रुप में क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी प्रोफेसर अश्विनी कुमार मिश्र के साथ ही प्रदेश व अन्य प्रदेश के लगभग 200 लोगों के प्रतिभागिता की संभावना है। प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार पाल ने बताया कि राष्ट्रीय संगोष्ठी के आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
-----------------------------
आयोजन समिति में इन्हें मिली है जिम्मेदारी
राष्ट्रीय संगोष्ठी में आयोजन को बेहतर ढंग से संपन्न कराने के लिए डॉ. अशोक कुमार व डॉ. सत्यप्रकाश को आयोजन सचिव बनाया गया है। इसके साथ ही डॉ. राकेश यादव, डॉ. शमीम, डॉ. अमित कुमार, डॉ. हरेराम यादव, डॉ. चंदन कुमार, डॉ. प्रेरणा पाठक व डॉ. सरिता वर्मा को भी जिम्मेदारी प्रदान की गई है।