महराजगंज। सोमवार देर रात शहर के बलिया नाले के पास युवती पर धारदार हथियार से हमला करने वाले आरोपी के खिलाफ पुलिस ने जानलेवा हमला करने व एससी एसटी के तहत केस दर्ज कर उसे जेल भेज दिया। वहीं युवती की हालत गंभीर बनी हुई है। मेडिकल काॅलेज में उसका इलाज चल रहा है। मंगलवार को कोतवाली पुलिस घायल युवती का बयान दर्ज करने मेडिकल काॅलेज पहुंची। घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
कोतवाली क्षेत्र के अमरुतियां की रहने वाली रुचि शहर के एक दुकान में काम करती है। सोमवार की देर रात काम समाप्त होने के बाद वह घर जा रहीं थीं। अभी वह बलिया नाला पुल के पास पहुंची थी कि पहले से घात लगाए बैठे अमरुतिया निवासी सतीश ने धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। खून से लथपथ युवती को तड़पता छोड़कर आरोपी युवक फरार हो गया। बेहोशी की हालत में युवती को जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां से उसे मेडिकल काॅलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
अपर पुलिस अधीक्षक आतिश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी युवक के खिलाफ जानलेवा हमला करने व एससी एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है। इस प्रकरण में पूछताछ के बाद कुछ स्पष्ट होगा। युवती के बयान के बाद असल कारण की जानकारी हो सकेगी।