महराजगंज। लोकसभा सामान्य निर्वाचन 2024 को सकुशल संपन्न कराने के लिए मंगलवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी संतोष राय की अध्यक्षता में मास्टर प्रशिक्षकों को प्रशिक्षित किया गया। प्रशिक्षण में गैरहाजिर दो शिक्षक व दो जेई का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन की प्रक्रिया में मतदान सर्वाधिक महत्वपूर्ण चरण है। इस कार्य को करवाने वाले पीठासीन अधिकारियों को संपूर्ण मतदान प्रक्रिया के विषय में प्रशिक्षित करने की जिम्मेदारी आप लोगों पर है। मास्टर प्रशिक्षकों को पीडी रामदरश चौधरी, डीसी मनरेगा करुणाकर अदीब, डीसी एनआरएलएम और जिला सूचना विज्ञान अधिकारी मनोज कुमार ने प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण में 50 टीमों को प्रशिक्षित किया गया। प्रत्येक टीम में 02 सदस्य शामिल थे। इनमें गैर तकनीकी सदस्य के रूप में अध्यापक और तकनीकी सदस्य के रूप में अवर अभियंता शामिल रहे।
प्रशिक्षण के दौरान संपूर्ण मतदान प्रक्रिया, मॉक पोल, पोलिंग एजेंट की नियुक्ति और नियुक्ति के रद्द करने की प्रक्रिया सहित विभिन्न ऐप के विषय में भी अवगत कराया गया। प्रशिक्षण में बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर मुख्य विकास अधिकारी ने अध्यापक सुधाकर राय (सदर), अध्यापक रविंद्र शुक्ला (घुघली), जेई सिंचाई खंड द्वितीय रविंद्र यादव और जेई सिंचाई खंड द्वितीय एनपी सिंह का वेतन बाधित करने के साथ उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज करवाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्यों में शिथिलता बरतने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशिक्षण के दौरान बीएसए श्रवण कुमार गुप्ता, डीपीआरओ यावर अब्बास मौजूद रहे।