उच्च शिक्षा की राह आसान करेगा आंगनबाड़ी केंद्र : राज्यपाल
आनंदीबेन पटेल ने नई शिक्षा नीति का उल्लेख कर आंगनबाड़ी केंद्रों को बताया अहम
कहा, आप सभी आंगनबाड़ी बहनें माता हैं, उनको मां का वात्सल्य मिलना चाहिए
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। देश में शत प्रतिशत शिक्षा का लक्ष्य हासिल करने के उद्देश्य से लागू की गई नई शिक्षा नीति में आंगनबाड़ी केंद्रों की अहम भूमिका है। यह शिक्षा का सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। यहां आकर बच्चा मातृत्व सुख के बीच खेल-खेल में शिक्षा की राह पकड़ेगा जो आगे उसे शिक्षा के लिए प्रेरित व प्रोत्साहित करेगा। ऐसे में इन आंगनबाड़ी केंद्रों को सुसज्जित करना हम सबकी जिम्मेदारी है।
यह बात उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने सोमवार को नगर के महालक्ष्मी मैरिज लान में सिद्धार्थ विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित प्री स्कूल किट वितरण समारोह को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि भारत की नई शिक्षा नीति का उद्देश्य है कि 2030 तक देश के 50 फीसदी युवा उच्च शिक्षा के लिए कॉलेज में दाखिल लेकर शिक्षा ग्रहण करें। वर्तमान में महज 22 से 23 फीसदी युवा ही उच्च शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। इसे तेजी से बढ़ाने के लिए प्री-प्राइमरी स्कूल आंगनबाड़ी केंद्रों को और बेहतर बनाकर हर बच्चे को शिक्षा की धारा से जोड़ने का काम किया जा रहा है। आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषण और शिक्षा का बेहतर प्रबंध कर खेल- खेल में बच्चों को पढ़ाने के साथ- साथ योग के जरिए निरोग रखने का प्रयास कर ईमानदारी से हम सब मिल कर करेंगे तो यह लक्ष्य आसानी से हासिल कर सकते हैं। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से विशेष रूप से अपील करते हुए कहा कि आप सभी आंगनबाड़ी बहनें माता हैं। आपके केंद्र पर जो भी बच्चे आएं उनको मां का वात्सल्य मिलना चाहिए। स्नेह के साथ बच्चों के सामने पेश आएं जिससे बच्चे आपको सुनें और समझें और उसे ग्रहण करते हुए भारत के बेहतर कल का आधार बनें। उन्होंने समाज की तमाम कुरीतियों का उल्लेख कर शिक्षा के जरिए उसका समाधान तलाशने की बात कह, सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।