चाकू से हमले में आरोपित पिता-पुत्र को जेल
पुरंदरपुर। थाना क्षेत्र के कोट कम्हरिया में 9 नवंबर की रात दो युवकों पर चाकू से हमले कें आरोपित पिता-पुत्र को शुक्रवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक, 9 नवंबर की रात कोट कम्हरिया में किसी बात पर दो समुदायों में विवाद हो गया था। संदीप व नीलेश पर दूसरे पक्ष के लोगों ने चाकू से हमला कर दिया था। परिजनों ने दोनों घायलों को सीएचसी लक्ष्मीपुर में भर्ती कराया। दोनों मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया था। दूसरे दिन मेडिकल कालेज से दोनों युवकों की पीजीआई लखनऊ भेज दिया गया। वहां दोनों का इलाज चल रहा है। संदीप की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने संदीप की मां संगीता देवी की तहरीर पर कोट कम्हरिया तोला पटखौली निवासी नसीफ अहमद उर्फ गोलू व उसके पिता इस्तियाक अहमद के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। शुक्रवार को दोनों आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र कुमार राय ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की पुष्टि की। संवाद
छह वारंटियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल
नौतनवां। थाना क्षेत्र के विभिन्न मामलों से संबंधित छह वारंटियों को पुलिस ने शुक्रवार की सुबह अलग-अलग स्थानों से हिरासत में लेकर न्यायालय चालान कर दिया। बताया गया कि शिव भोला निवासी महेंद्र नगर, नाटे निवासी खोरिया बाजार, कमल कुमार निवासी छपवा, राजेश निवासी पुरैनिया, सुग्रीव निवासी करमहवा, जगेश उर्फ जनेश निवासी सेमरहवा थाना नौतनवां न्यायालय के वारंटी हैं, जो काफी दिनों से फरार चल रहे थे। सभी वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय चालान किया गया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया। यह जानकारी प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार पांडेय ने दी। संवाद