डॉक्टर की कुर्सी खाली, मरीजों को चढ़ा ‘पारा’
महराजगंज। बुखार का इलाज कराने में लोग इन दिनों परेशानी से गुजर रहे हैं। वहीं, जिला अस्पताल की ओपीडी में शनिवार को ज्यादातर डॉक्टर अपने कक्ष में नहीं दिखे। दूसरी ओर, मरीज व तीमारदार डॉक्टरों के इंतजार में घंटों बैठकर इंतजार करते रहे। कुछ डॉक्टर अपने कक्ष में दिखे, जो लोगों का इलाज करने में जुटे रहे। संवाद न्यूज एजेंसी की पड़ताल में ओपीडी में मरीजों के इलाज की हकीकत की पोल खुलकर सामने आ गई। जिम्मेदारों की लापरवाही मरीजों पर भारी पड़ सकती है। सुबह 10 बजे 130 पर्ची कटी थी।
जिला अस्पताल में सुबह 10:03 बजे डॉ. प्रमोद कुमार की कुर्सी खाली रही। रुधैली भावचक से आए राजकुमार ने बताया कि डॉक्टर का इंतजार कर रहा हूं। आसपास कुछ मरीज घूम रहे थे। 10:05 बजे महिला चिकित्सक के कक्ष में कुछ महिलाएं बैठकर इंतजार कर थी। महिलाओं ने बताया कि 20 मिनट से इंतजार कर रहा हूं। 10:07 बजे बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. रंजन मिश्रा का कक्ष खाली रहा। कुछ बाहरी लोग कक्ष में बैठे रहे। बांसपार के रितेश ने बताया कि पता नहीं कब डॉक्टर आएंगे। पास में बैठे मोहनचंद ने बताया कि डॉक्टर राउंड पर हैं।
10:10 बजे बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. विशाल चौधरी की कुर्सी खाली रही। जबकि बगल में बैठे डॉ. राकेश रमन पांच बच्चों को देख चुके थे। बताया गया कि डॉ. विशाल चौधरी राउंड पर हैं। 10:13 बजे नेत्र रोग विशेषज्ञ की कुर्सी खाली रही। वह इमरजेंसी ड्यूटी में रहे। सिसवां से आए क्यूम ने बताया कि आंख में परेशानी थी। डॉक्टर मिले नहीं तो बाहर प्राइवेट में दिखाना पडे़गा।
10:15 बजे डॉ. भानू प्रताप सिंह ने बताया कि आठ मरीजों को देख चुका हूं। 10.18 बजे डॉ. रंजन कुमार का कक्ष भी खाली रहा। मेहदियापुर से आए सिद्धार्थ के सीने में दर्द हो रहा था। वह बैठक डॉक्टर का इंतजार कर रहे थे। 10:22 बजे डॉ. एएम भास्कर का कक्ष खाली रहा। मिठौरा से आए आशीष इलाज कराने आए थे। वह कक्ष के बाहर टहल रहे थे। इसी तरह ओपीडी में अन्य डॉक्टरों का कक्ष खाली रहा। मरीज बैठकर डॉक्टर के आने का इंतजार कर रहे थे।
10:27 बजे दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. पारितोष मरीजों का इलाज कर रहे थे। 10:28 बजे डॉ. अरुण कुमार 12 मरीजों को देख चुके थे। उन्होंने बताया कि आने वाले मरीजों का इलाज किया जा रहा है। 10:31 बजे दवा काउंटर पर 30 मरीजों को दवा दिया जा चुका था। काउंटर पर चार कर्मी दवा वितरित करने में जुटे रहे।
सभी चिकित्सकों को ओपीडी में समय से उपस्थित रहने का निर्देश है। इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जरूरत के अनुसार चिकित्सक राउंड पर रहते हैं।
-डॉ. एके राय, सीएमएस