रतनपुर (महराजगंज)।बुधवार को परसामलिक पुलिस ने महाव नाला से सप्ताह पूर्व गायब कुकेशर निवासी आठ वर्षीय धर्मेंद्र उर्फ गोलू की लाश बरामद कर ली। मंगलवार को गांव के चौकीदार रामवृक्ष ने शंभू सहानी पर अपने ही लड़के को मारपीट कर गायब करने की तहरीर दी थी। पुलिस आरोपी शंभू को हिरासत में लेकर जांच कर रही है।
परसामलिक थाना क्षेत्र के गांव असुरैना टोला कुकेशर के शंभू साहनी का आठ वर्षीय बेटा धर्मेंद्र उर्फ गोलू 15 नवंबर से लापता था। बताया जाता है कि शंभू तथा मृतक गोलू की सौतेली मां संगीता उर्फ इंद्रावती ने उस शाम को गोलू को मारा पीटा था, जिसके बाद से पता नहीं चल रहा था। शक के आधार पर गांव के चौकीदार रामवृक्ष ने मंगलवार को परसा मलिक पुलिस को तहरीर दी कि शंभू अपने बेटे धर्मेंद्र उर्फ गोलू को शराब के नशे में मारपीट कर गायब कर दिया है।
पुलिस मुकदमा दर्ज कर छानबीन कर रही थी। शंभू को हिरासत में लेने के बाद पूछताछ कर रही थी। बुधवार को दोपहर में लगभग साढ़े बारह बजे राहगीरों के शोर मचाने पर किसी ने पुलिस को सूचना दी कि महाव नाले में सगरहवा के पास एक सड़ी लाश है तो पुलिस मौके पर पहुंची और लाश निकलवाई। बताया जा रहा है कि गला गमछे के फंदे से कसा हुआ था। एक हाथ तथा सिर का कुछ हिस्सा जानवर खा लिए थे। पुलिस शव को उठाकर थाने लाई और पीएम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष राजेश कुमार रुहेला का कहना है कि आरोपी शंभू ने जुर्म कबूल कर लिया है। वह और उसकी दूसरी पत्नी संगीता उर्फ इंद्रावती ने मारकर महाव नाले में शव को छिपा दिया था। उसकी निशानदेही पर शव बरामद किया गया है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है।