बुधवार को शाहबाद-साहा रोड स्थित रामपुर-छपरा मोड़ के निकट बारातियों से भरी कार और ट्रक में भिड़ंत हो गई जिसमें 15 बाराती जख्मी हो गए, वहीं एक को गंभीर हालत में पीजीआई रेफर किया गया है। सूचना पाकर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू कर दी है। घायलों को उपचार के लिए कैंट के सिविल अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
हादसे में घायल बरनाला निवासी दूल्हे के चचेरे भाई मनीष ने बताया कि वह बुधवार को अपने चचेरे भाई दिनेश की बारात में शामिल होने के लिए रायपुररानी के गांव दंदरौलों में आए थे। सुबह अपने परिवार के साथ कार में सवार होकर बारात में जा रहे थे। जैसे ही वे गांव रामपुर छपरा के निकट पहुंचे तो एक तेज रफ्तार कार उनकी कार के सामने से गुजर गई। इसी दौरान बारातियों से भरी कार सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। इससे सभी कार सवार घायल हो गए। हादसे के बाद कार में फंसे बारातियों को राहगीरों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। घायलों को कैंट सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि कई घायलों को प्राइवेट अस्पताल पहुंचाया। कैंट सिविल अस्पताल से दूल्हे की भाभी की बिगड़ती हालत को देखते हुए पीजीआई रेफर कर दिया और अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में दाखिल कर लिया।
हादसे में घायल हुए लोगों की पहचान गांव रुपोमाजरा निवासी नीलम, महक व डेराबस्सी निवासी अमित कुमार, संतोष, भावना, हर्ष, नीशू, जीया व बरनाला निवासी मनप्रीत, यशिका व भावना, गुलाब सिंह, तुषार, ऋषि, प्रिंस के रूप में हुई है, जबकि संतोष की बिगड़ती हालत को देखते हुए रेफर कर दिया गया। जांच अधिकारी राजीव कुमार का कहना है कि फिलहाल घायलों के बयान दर्ज नहीं हुए है। घायलों के बयानों के बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।