भाकपा ने दिया धरना, सौंपा ज्ञापन
महराजगंज। भारत बंद के समर्थन में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में धरना दिया तथा मांगों से संबंधित व राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा।
भाकपा के जिला मंत्री गुरु शरन यादव ने कहा कि नौ माह से चल रहे किसान आंदोलन को खत्म कराने के लिए सरकार गंभीर नहीं है। नए कृषि कानूनों को वापस न लेने से किसानों की क्षति हो रही है। ज्ञापन में कार्यकर्ताओं ने कहा है कि किसानों की समस्त मांगों को पूरा किया जाए। किसान विरोधी कानूनों को वापस लिया जाए, स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट के मुताबिक न्यूनतम समर्थन गारंटी कानून बनाया जाए।
डीजल-पेट्रोल व खाद्य सामग्रियों की बढ़ोत्तरी पर रोक लगाई जाए। बिजली संशोधन अध्यादेश को रद्द किया जाए। प्राकृतिक आपदा से पीड़ित लोगों को तत्काल मुआवजा दिलाया जाए। देश की सरकारी संस्थाओं के निजीकरण को बंद किया जाए तथा जिले की बंद पड़ी चीनी मिलों को तत्काल चलाया जाए। इस दौरान अवधराज, रामकेवल पासवान, अमजद शाह, रामाज्ञा चौरसिया, सूर्यनाथ वर्मा, गनेश यादव, रोहित कृष्णा, सद्दाम शाह, मल्लू चौधरी, पुष्पा, रामप्रीत, भीम, दीपक, वीरु चौहान, दिनेश साहनी, पवन सिंह आदि मौजूद रहे।