दोहरा हत्याकांड : चार दिन बाद भी नहीं हुआ पर्दाफाश
महराजगंज। परसामलिक थाना क्षेत्र के महदेइया गांव में पुजारी एवं साध्वी की हत्या का पर्दाफाश चार दिन बाद भी नहीं हो चुका है। पुलिस पूछताछ के जरिए घटना को अंजाम देने वालों का पता लगाने में जुटी है। लेकिन, अब तक कुछ खास सफलता नहीं मिल सकी है। मंदिर परिसर में सोमवार को गांव की कुछ महिला पूजा करने गईं। पुजारी की गाय भी इधर-उधर धूमती रही।
दोहरा हत्याकांड के पर्दाफाश से पुलिस काफी दूर है। सोमवार को पुलिस कुछ लोगों को पूछताछ के लिए थाने ले गई। घटना के बाद से ही क्राइम ब्रांच की टीम के अलावा अन्य जांच टीमें भी तेजी से काम कर रही हैं। अब तक की जांच में कुछ खास सफलता नहीं मिल सकी है। महदेइया गांव के कारण मां मंदिर में कुछ श्रद्धालु पहुंचे। यहां सभी ने पूजा कर सुख शांति की कामना की। मंदिर परिसर में मृत पुजारी की गाय भी इधर- उधर घूम रही थी। बताया जाता है कि पुजारी गाय को भोजन कराए बगैर स्वयं भोजन नहीं करते थे। उनकी हत्या के बाद से ही गाय परिसर में इधर -उधर भटक रही है। परसामलिक पुलिस भी मंदिर परिसर में मौजूद रही।
इस घटना में धन-जायदाद के लिए हत्या होने की बात सामने आ रही है। इसी को केंद्र विंदु मानकर पुलिस जांच को आगे बढ़ा रही है। यही कारण है कि मृत पुजारी के भतीजे एवं साध्वी के परिजनों को नेपाल से बुलाकर पूछताछ की गई। अनुमान लगाया जा रहा था कि इनसे पूछताछ में कुछ अहम जानकारी हाथ लगेगी। लेकिन, इससे भी कुछ सफलता नहीं मिली है। पुजारी रामरतन एवं साध्वी कलावती की हत्या कर मंदिर परिसर में बीते शुक्रवार को शव खून से सना हुआ मिला था। उधर, परसा मलिक पुलिस आसपास के लोगों से जानकारी हासिल करने में जुटी है।
नौतनवां सीओ कोमल प्रसाद मिश्रा ने बताया कि बेहद बारीकी से जांच की जा रही है। घटना को अंजाम देने वालों की तेजी से तलाश की जा रही है। पूछताछ कर जानकारी हासिल करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्दी ही घटना का पर्दाफाश हो जाएगा।