महराजगंज। रविवार को पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने ठूठीबारी थाने का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मातहतों को श्री कृष्ण जन्माष्टमी त्योहार के मद्देनजर सतर्क रहने और शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। कहा कि गड़बड़ी की शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
थाना परिसर के निरीक्षण के दौरान जीडी कार्यालय, आवासीय बैरक, सीसीटीएनएस, सीसीटीवी कैमरा, आइजीआरएस कार्यालय, बंदीगृह और भोजनालय की व्यवस्था को देखा। विभिन्न कार्यालयों में प्रपत्रों को सही तरीके से रखने और सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए कर्मियों को कहा। थाने के अपराध रजिस्टर, निरोधात्मक कार्रवाई रजिस्टर, हिस्ट्रीशीटर रजिस्टर, सक्रिय अपराधी रजिस्टर व अन्य अभिलेखों की जांच की। बीट आरक्षियों को निर्देशित किया कि अधिकतर अपने कार्यक्षेत्र में भ्रमणशील रहकर जनप्रतिनिधियों से मिलकर जन शिकायतों का प्रमुखता से निस्तारण करें। संवाद