36,234 लोगों को लगा कोरोनारोधी टीका
महराजगंज। ठंड में भी लोग उत्साह के साथ कोरोनारोधी टीका लगवाने केंद्र पर पहुंच रहे हैं। सोमवार को जिले में 36234 लोगों को कोरोनारोधी टीका लगाया गया। महिला अस्पताल में सुबह 9 बजे लोग टीका लगवाने पहुंचने लगे। जिले के स्कूलों में कैंप के माध्यम से टीका लगाया गया।
सीएमओ डॉ. एके श्रीवास्तव ने कहा कि टीकाकरण का ग्राफ बढ़ रहा है। जल्दी ही शत-प्रतिशत टीकाकरण पूरा हो जाएगा। सिंदुरिया प्रतिनिधि के अनुसार, क्षेत्र के बड़हरामीर में वैदिक गुरुकुल इण्टरमीडिएट कालेज कालेज में सोमवार को 268 बच्चों को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कोरोनारोधी टीका लगाया। एएनएम विजय लक्ष्मी पटेल, आशा अंबिका पटेल व आशा संगिनी अमिता भट्ट टीम में शामिल रहीं। कालेज के प्रबंधक घनश्याम द्विवेदी, प्रधानाचार्य शशिधरण सिंह, पवन कुमार पांडेय, रितेश पाठक, अजय पांडेय आदि मौजूद रहे। परतावल प्रतिनिधि के अनुसार, श्यामदेउरवा थाना के इंस्पेक्टर आनंद गुप्ता समेत सात पुलिसकर्मियों को बूस्टर डोज लगाई गई। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से एएनएम हेमलता शर्मा तथा स्टॉप नर्स पुष्पालता ने टीका लगाया।
वैक्सीनेशन की सूचना पोर्टल पर की जा रही फीड
महराजगंज। कलेक्ट्रेट सभागार में एडीएम डॉ. पंकज कुमार वर्मा की निगरानी में सोमवार को शिक्षा और जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय के कुछ कर्मचारी फोन से जानकारी जुटा रहे थे। पूछा जा रहा था कि क्या आपने कोरोनारोधी टीके का दोनो डोज लगवा ली है या नहीं? जवाब मिलने पर उसे रजिस्टर में दर्ज किया गया। यह प्रक्रिया दिनभर चली। प्राप्त सूचनाओं को पोर्टल पर अपडेट किया जा रहा है।
सदर सीएचसी अधीक्षक डॉ. केपी सिंह ने बताया कि जिले में वैक्सीनेशन की पूरी जानकारी एकत्र की जा रही है। सूचना को पोर्टल पर फीड किया जा रहा है। इस मौके पर ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक सूर्य प्रताप सिंह के अलावा अन्य कर्मी मौजूद रहे।