ललितपुर। राजकीय इंटर कॉलेज में समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की छात्रवृत्ति के संबंध में बैठक हुई। इसमें सीडीओ अनिल कुमार पांडेय ने कहा कि गत वर्ष की तुलना में इस वर्ष छात्रवृत्ति के आवेदनों में जो कमियां रह गई थीं उन्हें विद्यालय दूर कराएं। बताया गया कि इस सत्र में छात्रवृत्ति का लाभ लेने के लिए वहीं छात्र पात्र हैं, जिनकी ऑनलाइन या कक्षाओं में 75 प्रतिशत उपस्थिति पूर्ण होगी।
पूर्वदशम छात्रवृत्ति का मास्टर डाटा तैयार करने के लिए बुलाई गई बैठक में अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी दिलीप कुमार ने कहा कि शासन की मंशानुसार छात्रवृत्ति का डाटा तैयार किया जाना है। विद्यालयों में छात्रवृत्ति की पात्रता रखने वाले अल्पसंख्यक वर्ग के छात्र 10 अगस्त तक अपना डाटा पोर्टल पर फीड करा दें। छात्रों द्वारा ऑनलाइन आवेदन करने के तीन दिवस के भीतर आवेदन की त्रुटियां दूर करने का कार्य किया जा सकता है। पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी पीयूष चंद्र राय ने कहा कि विद्यालय पात्र छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति योजना का लाभ दिलाए जाने के लिए प्रोत्साहित करें। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने कहा कि छात्रवृत्ति के आवेदन भरने के लिए शासन द्वारा जो भी समयावधि निर्धारित की गई है, विद्यालय उस पर कड़ाई से अनुपालन करें। इस मौके पर विद्यालयों के शिक्षक व प्रधानाचार्य मौजूद रहे।