कड़ेसराकलां/तालबेहट। विकास खंड अंतर्गत ग्राम सभा कड़ेसराकलां में लाखों रुपये की लागत से बनाए गए प्रतीक्षालय को कुछ प्रभावशाली लोगों द्वारा गिराए जाने से ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने इस मामले में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
24 जुलाई की रात में गांव के कुछ रसूखदार लोगों ने कड़ेसराकलां में सहरिया बस्ती के समीप बने प्रतीक्षालय को अपने निजी स्वार्थ की खातिर गिरा दिया था। इस मामले में चार दिन बीत जाने के बाद आरोपियों पर कोई कार्रवाई न होने से उनके हौसले बुलंद हैं। अभी तक आरोपियों के संबंध में कोई कार्रवाई न किए जाने से ग्रामीणों में भी नाराजगी है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव के रसूखदार लोगों द्वारा बार-बार इसे गिराने का प्रयास किया गया। सूचना के बाद भी दबंगों पर कार्रवाई न होने के कारण उनके हौसले बुलंद हैं और उन्होंने बाद में पूरा प्रतीक्षालय जमींदोज कर दिया। 24 जुलाई को पुलिस ने एक युवक को इस मामले में पकड़ा भी था, लेकिन बाद में उसे छोड़ दिया गया। ग्रामीणों में आक्रोश है जो कभी भी जन आंदोलन करने रूप ले सकता है।
- पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। - संदीप मिश्रा, बीडीओ तालबेहट
- तबियत खराब होने के कारण मैं अभी छुट्टी पर हूं। प्रतीक्षालय गिराने वालों पर कार्रवाई होगी। - वीरेंद्र बरौदिया, ग्रापवि अधिकारी कड़ेसराकलां