ललितपुर। शहर कोतवाली पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर पत्नी व माता-पिता समेत पांच पर नौकरी का झांसा देकर 17 लाख रुपये हड़पने व गाली-गलौज कर मारपीट करने के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुुरू कर दिया है।
मोहल्ला महावीरपुरा हाल निवासी गोविंद नगर कांशीराम कॉलोनी निवासी सतेंद्र नामदेव ने न्यायालय को प्रार्थनापत्र देकर बताया कि वह कटरा बाजार में टेलरिंग का कार्य करता है। आरोपी मोहल्ला मऊठाना निवासी लीलू त्रिपाठी पत्नी हर्षित शर्मा वहां कपड़े सिलवाने आती थी। एक बार घर पर कपड़े लेने के लिए बुलाया। वहां हर्षित शर्मा ने कहा कि वह सरकारी नौकरी लगा देगा।
इसके बाद भोपाल में स्टेनो की नौकरी का झांसा देकर वर्ष 2018 में साढ़े आठ लाख रुपये नकद छोटे भाई मनोज व पिता के सामने दिए। इसके बाद पिलकुट शर्मा के खाते में भेजे। तब से लगातार पैसे वापस करने के लिए गुमराह कर रहे हैं। इंदौर में हर्षित शर्मा की माता भावना शर्मा व पिता राजेश शर्मा से संपर्क किया। वह भी लगातार गुमराह करते रहे।
20 जून 2021 को इंदौर में पहुंचा तो शाम चार बजे मिलने के लिए कहा। शाम को मिलने पर मारपीट व गाली-गलौज कर भगा दिया। अब पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर धोखाधड़ी कर रुपये हड़पने के मामले में भाई, पत्नी व माता पिता समेत पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।