ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिरधा में घर के अंदर फांसी लगाकर युवक ने जान दे दी। जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली क्षेत्र के कस्बा बिरधा के पुराना बाजार निवासी राहुल साहू (20) बुधवार की देर शाम को घर पर ही थे। रात करीब आठ बजे उन्होंने अपने माता पिता के साथ अटारी वाले कमरे में बैठकर खाना खाया और इसके बाद वह सीढ़ियों से उतरकर नीचे चला गया। कुछ देर बाद जब उसकी मां ने उसे किसी काम के लिए आवाज लगाई, लेकिन काफी देर तक आवाज देने के बाद भी जब उसने कोई जवाब नहीं दिया, तो माता पिता नीचे पहुंचे तो वहां बरामदे में छत के कुंदे पर रस्सी केे सहारे राहुल का शव लटक रहा था। यह देख उनकी चीख निकल गई। इस पर आसपास केे लोग मौके पर पहुंच गए। जानकारी मिलने पर बिरधा चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के बड़े भाई सोनू ने बताया कि उसका छोटा भाई राहुल नेहरू महाविद्यालय से बीएससी एग्रीकल्चर द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। मृतक दो भाई व तीन बहनों में छोटा था। उसने बताया कि उसके भाई ने किन कारणों से फांसी लगाकर जान दे दी, इसका उसे कोई पता नहीं है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।