ललितपुर। जनपद में कोरोना संक्रमण से बीते तीन सप्ताह से राहत है। बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 2,212 व्यक्तियों के सैंपल लिए। सैंपल की जांच में एक भी व्यक्ति कोविड पॉजिटिव नहीं पाया गया है।
स्वास्थ्य महकमा कोविड संक्रमण को लेकर अलर्ट है। संक्रमण की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा लगातार सैंपल लिए जा रहे हैं। हालांकि यहां पर बीते तीन सप्ताह से एक भी संक्रमित नहीं मिलने से एक्टिव मरीजों की संख्या शून्य हो गई है। साथ ही रिकवरी दर भी बढ़कर 98.99 पहुंच गई है। चिकित्सकों का कहना है कि संक्रमण से बचाव के नियमों का पालन करें।
बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 2212 व्यक्तियों के सैंपल लिए। इनमें आरटीपीसीआर किट से 1,102 सैपल और एंटीजन किट से 1,110 सैंपल शामिल हैं। एंटीजन किट की जांच रिपोर्ट में एक भी व्यक्ति कोरोना संक्रमित नहीं पाया गया है। आरटीपीसीआर किट से लिए गए सैंपल मेडिकल कॉलेज झांसी जांच के लिए भेजे गए हैं। अब तक पॉजिटिव का आंकड़ा 12,711 है। इनमें 128 की मौत हो चुकी और 12,583 स्वस्थ हो चुके हैं। वर्तमान में एक भी मरीज एक्टिव नहीं है। बीते दिनों कोविड जांच को भेजे गए आरटीपीसीआर के 2481 सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी है।