ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र के घंटाघर के पास एक युवक के मोबाइल में बात करते करते अचानक से आग लग गई। मोबाइल से धुआं निकलने लगा। यह देख उसने मोबाइल फेंक दिया और लोगों ने मोबाइल पर पानी डालकर आग बुझाई।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नदीपुरा निवासी अमन साहू पुत्र जमुना प्रसाद साहू मंगलवार देर शाम को घंटाघर के पास से जा रहा था। इस दौरान उसने अपने मोबाइल से एक मित्र को फोन लगाया। घंटी जा रही थी कि तभी अचानक से मोबाइल में आग लगने से धुआं उठने लगा। यह देख युवक घबरा गया और उसने पहले तो मोबाइल में फूंक मारी, लेकिन जब धुआं ज्यादा उठा तो उसने मोबाइल सड़क पर ही फेंक दिया। इसके बाद मोबाइल से धुआं और तेजी से उठने लगा। यह देख आसपास निकल रहे लोग मोबाइल से दूर खड़े हो गए। तभी पास में मौजूद एक फल विक्रेता ने मोबाइल पर पानी डालकर आग बुझाई।
मोबाइल स्वामी अमन साहू ने बताया कि आग लगने से उसका मोबाइल पूरा जल गया है। उसने तीन माह पहले यह मोबाइल बारह हजार रुपये में खरीदा था।