बिजली बंद कर, पानी डालकर और निवस्त्र कर बेल्ट से पीटा
अंशू अपने साथ महिला दरोगा पारुल चंदेल को लेकर अंदर आया। उससे चोरी के संबंध में पूछताछ करने लगा। उसने खुद को निर्दोष बताया तो अंशू और महिला दरोगा ने रात आठ बजे से बिजली बंद कर, पानी डालकर और निवस्त्र कर बेल्ट से उसे पीटना शुरू कर दिया। मारपीट के दौरान अंशू ने बताया कि एक तांत्रिक का कहना है कि काम करने वाली महिला ने चोरी की है। चोरी कबूल करने की धमकी देते हुए गालियां दीं। इसके बाद उसके बीमार पति को बुलाकर थाने ले गए, वहां भी दोनों के साथ मारपीट की।
कमरे पर ले जाकर रातभर मारपीट की
आरोप है कि महिला के पति को कोतवाली ले जाकर हवालात में बंद कर दिया, जबकि पत्नी को कमरे पर ले जाकर रातभर मारपीट की। इससे महिला के पूरे शरीर पर चोटें आ गईं। महिला की हालात गंभीर देख पुलिस ने मामले को पति पत्नि के झगड़े में बताकर धारा 151 में चालान कर दिया।
गुहार लगाने व मिन्नतें करने के बाद भी नहीं पसीजे पुलिस कर्मी
महिला ने बताया कि उसके साथ मारपीट होने के समय मंगल सिंह, रजनी नामदेव व महेश मौके पर ही मौजूद थे। उन्होंने पुलिस कर्मियों से छोड़ने के लिए काफी गुहार लगाई, लेकिन पुलिस कर्मियों का दिल नहीं पसीजा। महिला बेल्ट की पिटाई से चिल्लाती रही, लेकिन तांत्रिक का भरोसा कर महिला व पुरुष पुलिस कर्मी दोनों ने बेल्ट से मारपीट की।
पत्नी गंभीर बीमारी से ग्रसित है, इससे कार्य करने में असमर्थ है। लेकिन परिवार का पालन पोषण करने के लिए खाना बनाने का काम करती है। थाने के एक पुलिस कर्मी के यहां खाना बनाती है। कुछ दिन पूर्व पुलिस कर्मी के यहां चोरी हो गई थी। जिसके शक में पत्नी को बंधक बनाकर मारपीट की। इसके बाद थाने ले गए, वहां भी जमकर मारपीट की। हालत गंभीर होने पर पुलिस ने मामले को दोनों के बीच झगड़ा बताकर धारा 151 में चालान कर दिया।- (पीड़िता का पति)
कस्बा महरौनी के मोहल्ला खरवांचपुरा निवासी महिला जो आरोप लगा रही है, वो गलत हैं, मैं इस मामले में कुछ नहीं जानता। - अंशु पटेल, पुलिस कर्मी
थाना महरौनी पुलिस द्वारा एक महिला के साथ मारपीट करने का मामला संज्ञान में आया है, जिसकी जांच कराई जाएगी। दोषियों पर कार्रवाई होगी। पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाया जाएगा।- जोगिंदर सिंह, पुलिस उप महानिदेशक