ग्राम गनगौरा में अवैध खनन के दौरान पकड़ी गई जेसीबी
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। सदर क्षेत्राधिकारी फूलचंद्र ने बुधवार को ग्राम गनगौरा से अवैध खनन करते हुए जेसीबी, एक डंपर और दो ट्रैक्टर को पकड़ लिए। जिला खनन निरीक्षक ने बताया कि पकड़े गए वाहनों पर कार्रवाई की जा रही है।
तहसील गनगौरा में अवैध खनन की सूचना पर सीओ फूलचंद्र फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे तो उन्होंने जेसीबी से खनन होते देख चालक भागचंद्र निवासी ग्राम पटपुरा से पूछताछ की। कुछ दूरी पर एक डंपर खड़ा था। उन्होंने डंपर चालक बहादुर निवासी ग्राम बसवां थाना जखौरा से भी जानकारी ली। वहीं रास्ते में दो ट्रैक्टर अवैध पत्थर ले जाते दिखे। जिसमें चालक छोटेलाल निवासी पिसनारी बाग व दूसरा ट्रैक्टर जिसका चालक कल्लू यादव निवासी चौकाबाग को अवैध खनन करते हुए पकड़ लिया। क्षेत्राधिकारी ने सभी वाहनों को जिला खनन निरीक्षक मुकेश मिश्रा को सुपुर्द किए। जिस पर खनिज विभाग द्वारा कार्रवाई की जा रही है। सीओ ने बताया कि अवैध खनन के मामले में वाहनों को कब्जे में लेकर चारों चालकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।