फसल खराब होने एवं कर्ज से परेशान एक किसान ने खेत में जामुन के पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसका शव लटका देखकर आसपास के लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। थाना सीपरी बाजार के केशवपुर निवासी कमल सिंह (45) पुत्र लखन लाल रविवार सुबह खेत में पानी लगाने के लिए निकला। वहां उसने जामुन के पेड़ से मफलर के सहारे फांसी लगा ली। कुछ देर बाद पड़ोस के किसानों ने उसके शव को फांसी पर लटका देखा। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुत्र नरेंद्र समेत अन्य परिजन भी खेत में पहुंच गए।
नरेंद्र राजपूत ने बताया कि उनकी करीब सात बीघा जमीन है। इस वर्ष उर्द एवं मूंग की फसल लगाई थी लेकिन, फसल खराब हो गई। पिछले साल भी उनकी फसल खराब हो गई। इस वजह से पिता के ऊपर तीन लाख रुपये का कर्ज हो गया। इसे वह उतार नहीं पा रहे थे। फसल खराब होने एवं कर्जदारी से कमल काफी परेशान थे। घर में भी वह मानसिक तनाव में रहते थे। सीपरी बाजार थाना प्रभारी चंद्रशेखर के मुताबिक आत्महत्या की वजह अभी पता नहीं चली है। कर्ज के बारे में अभी पुलिस को मालूम नहीं है।