ललितपुर। भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने कहा कि वह बुंदेलखंड राज्य का पूर्ण समर्थन तब से कर रही हैं, जब वह राजनीति में भी नहीं थी। उन्होंने कहा कि इसके लिए पहले मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश सरकार सहमति बना लें, तब ही बुंदेलखंड राज्य बन सकता है। वह शनिवार शाम को शताब्दी एक्सप्रेस से भोपाल से ललितपुर स्टेशन पहुंची और पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष जगदीश सिंह लोधी के यहां कुछ देर रुकने के बाद टीकमगढ़ के लिए रवाना हो गईं। इस दौरान तुवन मंदिर जाकर हनुमान जी के दर्शन किए।
स्टेशन पर पत्रकारों से अनौपचारिक वार्ता में कहा कि बुंदेलखंड राज्य बनाने में यूपी का हिस्सा कम है। जबकि एमपी की क्षेत्र अधिक आएगा। इसलिए दोनों राज्यों की सरकारों के बीच सहमति होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा पूर्ण बहुमत से फिर सरकार बनाएगी। पूर्व पालिकाध्यक्ष रमेश खटिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने मेें राज्यमंत्री की भूमिका को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने साफ कहा कि भाजपा एक परिवार है। नेताओं में आपसी मतभेद सकते हैं, लेकिन सभी का लक्ष्य पार्टी को जिताने का होता है। उन्होंने कहा कि हर पार्टी के नेताओं में इस तरह के मतभेद होते रहते हैं, यह कोई बड़ी बात नहीं।