ललितपुर। शुक्रवार को एक दिन में इस वर्ष के अब तक के सबसे अधिक कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। बीते चौबीस घंटे में हुई 2200 लोगों की जांच में एक चिकित्सक समेत कुल 45 नए कोरोना संक्रमित मरीज पाए गए। अब जनपद में सक्रिय मरीजों की संख्या 154 पर पहुंच गई है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जनपद में बीते चौबीस घंटे में कुल 2200 मरीजों के सैंपलों की जांच की, जिसमें 45 संक्रमित मरीज पाए गए हैं। इनमें आरटीपीसीआर जांच में कुुल 32 और एंटीजन जांच में कुुल 13 एवं आरटीपीसीआर जांच में दो मरीज लखनऊ और झांसी से संक्रमित पाए गए हैं।
दो दिनों से कोई भी मरीज ठीक होकर डिस्चार्ज नहीं हुआ है। वहीं अभी भी 2409 सैंपलों की जांचें लंबित हैं, जिनकी रिपोर्ट आना बाकी है। शुक्रवार को जांचों में पाए गए कोरोना संक्रमित मरीजों में शहर के विभिन्न मोहल्लों में कुल 23 संक्रमित मरीज, तालबेहट से पांच मरीज, जखौरा क्षेत्र के ग्राम हर्षपुर में छह संक्रमित, जखौरा के ग्राम सिलावन में एक संक्रमित, महरौनी में चार मरीज कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। वहीं लखनऊ से मिली जांच रिपोर्ट में एक चिकित्सक व झांसी से आरटीपीसीआर जांच में एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाया गया है। इनमें 37 मरीज होमआइसोलेशन में रखे गए हैं। एक मरीज एल-3 अस्पताल में उपचार करा रहा है। जबकि दो मरीज दूसरे जिले में हैं।
गर्भवती महिलाएं अनावश्यक अस्पताल न जाएं
सीएमओ ने कहा-सदैव अपने चिकित्सक के संपर्क में रहें
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। यह कोई जरूरी नहीं कि कोविड पॉजिटिव गर्भवती के शिशु को भी कोविड होगा। खासकर जब तक वह गर्भ में है, तब तक ज्यादा सुरक्षित है। लेकिन प्रसव के बाद प्रोटोकाल का पालन नहीं करने पर कोविड होने की पूरी आशंका रहती है। यह कहना सीएमओ डॉ. जीपी शुक्ला का है।
उन्होंने बताया कि कोविड संक्रमण आजकल बहुत तेजी बढ़ रहा है। यदि आप गर्भवती हैं और कोविड पॉजिटिव हैं या रह चुकीं हैं तो कोविड को लेकर कतई न घबराएं। कोविड जैसी संक्रामक बीमारी से बचने के लिए बस जागरूक, सचेत और सतर्क रहें। सदैव अपने चिकित्सक के संपर्क में रहें। उन्होंने स्पष्ट किया है कि गर्भवती महिलाएं अनावश्यक अस्पताल में न जाएं। कोशिश करें चिकित्सक से ऑनलाइन परामर्श लें।
एमडी कम्युनिटी मेडिसन डॉ. सौरभ सक्सेना ने बताया कि गर्भवती महिलाओं की रोग प्रतिरोधक क्षमता अन्य के मुकाबले कम होती है। इसलिए गर्भवती महिलाएं अपने व बच्चे के भविष्य के लिए साफ-सफाई का खास ध्यान दें। कुछ भी छूने के बाद साबुन से अच्छी तरह से हाथ धो लें और मास्क लगाए रखें। उन्होंने बताया कि यदि मां कोविड पॉजिटिव है या रह चुकी है तब भी उसको स्तनपान कराना है। बस साफ-सफाई का ध्यान देते हुए मास्क लगाकर ही स्तनपान कराना है।
क्या करें
-नियमित कोविड प्रोटोकाल अपनाएं।
-आंगन में रोज धूप में बैठें।
-बाजार का पका हुआ आहार न करें।
-बाहर से आया समान सैनिटाइज करें।
-बाहर से लाए सामानों को तीन दिन बाद ही उपयोग में लाएं।
-अतिआवश्यक स्थिति में ही घर से बाहर निकलें
क्या न करें
-अनावश्यक अस्पताल न जाएं।
-ऑनलाइन परामर्श लेने की कोशिश करें।
-संभव हो तो घर पर ही सैंपल दें।
-नकारात्मक चर्चा में शामिल न हों
हर जनपद में कोविड अस्पताल संचालित हैं। साथ ही सभी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को निर्देश है कि संस्थागत प्रसव को प्रोत्साहित करें। कोविड पॉजिटिव महिलाओं को प्रसव के लिए कोविड अस्पताल ले जाने की व्यवस्था है।
डॉ मनोज शुक्ल, महाप्रबंधक, मातृत्व स्वास्थ्य, एनएचएम
डॉ. राममनोहर लोहिया कन्या हाईस्कूल में हुआ वैक्सीनेशन
बानपुर। कस्बे के डॉ. राम मनोहर लोहिया कन्या स्कूल में बच्चों को कोविड-19 का डोज दिया गया। डॉ. विकास श्रीवास्तव ने बताया कि 12 जनवरी से आज तक 240 बच्चों के वैक्सीन लगाई जा चुकी है। वैक्सीन लगाने के कुछ समय तक बच्चों को चिकित्सक की निगरानी में रखा गया। इस मौके पर प्रधानाचार्य नीता खरे, सहायक अध्यापक पुष्पेंद्र सिंह चौहान, एएनएम सरोज बुंदेला मौजूद रही। संवाद