महरौनी(ललितपुर)। सोमवार की रात में मुहल्ला कायस्थपुरा स्थित एक मकान में हुई लाखों रुपए की चोरी की वारदात के बाद पुलिस अधीक्षक ने देर रात महरौनी पहुंचकर मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने चोरी के जल्द खुलासे के लिए कोतवाली पुलिस को निर्देश दिए।
मंगलवार की देर रात एसपी बालेंदु भूषण सिंह और एएसपी सुधा सिंह ने मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस को चोरी की वारदातों के पुराने हिस्ट्रीशीटर और हाल के वर्षों में पाबंद किए गए संदिग्ध लोगों पर नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल्द ही कोतवाली परिसर में नागरिकों की बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें नागरिकों से सहयोग व सुझाव आमंत्रित किए जाएंगे।
इस दौरान उन्होंने मुहल्लेवार सुरक्षा समितियों के गठन पर चर्चा की। इसके बाद बुधवार की सुबह पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मौके से फिंगर प्रिंट लिए गए और स्वॉट टीम ने भी छानबीन की।
विदित हो कि पिछले पखवाड़े चोरों ने नौ घरों के ताले तोड़े थे। चोरों के बारे में कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। सोमवार की रात भी चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने मुहल्ला कायस्थपुरा निवासी बृजकिशोर रिछारिया के अलावा किराएदार रामकिशन तिवारी सौंरई वाले व राघवेंद्र सिंह चौहान झांसी वाले के पांच कमरों के ताले तोडे़ थे। रामकिशन तिवारी के कमरे में रखे लगभग पांच लाख पंद्रह हजार रुपए नकद, सोने- चांदी के आभूषण व दो मोबाइल सेट वह चोरी कर ले गए।
अन्य किरायेदार राघवेंद्र सिंह चौहान के कमरे से लगभग तीन लाख रुपए कीमत के जेवर व पांच हजार रुपए नकद चोरी हो गए थे। गृहस्वामी बृजकिशोर रिछारिया के कमरे से भी लगभग दस हजार रुपए की नकदी चोरी हो गई थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला पंजीकृत कर लिया है।