रात के अंधेरे में अवैध खनन
ललितपुर। ललितपुर वन क्षेत्र में रात के अंधेरे में पहाड़ी काटकर अवैध खनन किया जा रहा है। इस पर वनाधिकारी अंकुश लगाने में नाकाम हैं। वंट क्षेत्र के पठारिया में पत्थर निकाला जा रहा है। वहीं, पाली क्षेत्र में मौरंग निकाली जा रही है। इससे पर्यावरण को नुकसान हो रहा है।
ललितपुर वन क्षेत्र खनन माफिया के लिए मुफीद स्थल बन गया है। यहां पर धौर्रा, वंट व पाली क्षेत्र में खनन का खेल चल रहा है। कई विवादित जगहों पर खेती कराई जा रही है। पाली क्षेत्र में तो पहाड़ी काटकर मौरंग निकाली जा रही है। यहां विभागीय कार्रवाई से बचने के लिए खनन माफिया रात के अंधेरे का सहारा ले रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कस्बे में एक सड़क का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें वन विभाग की गिट्टी, मिट्टी व मौरंग का प्रयोग हो रहा है। इस कारण वन क्षेत्र में जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। यही नहीं, वंट क्षेत्र के पठारिया इलाके में पत्थर निकाला जा रहा है, इससे लदे वाहन पाली के वन मार्ग से होकर गंतव्य स्थान तक पहुंच रहे हैं। उधर, सड़क पर बनाई जा रही पुलियों के निर्माण में मानकों का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। यदि इसी तरह वन क्षेत्र को खोखला किया जाता रहेगा तो समूची वन संपदा नष्ट हो जाएगी।
जताई अनभिज्ञता
पाली वन क्षेत्र में खनन होने की जानकारी नहीं है। इसकी जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
गणेश प्रसाद शुक्ला
वन रेंजर, ललितपुर क्षेत्र
रेंजर से कराएंगे कार्रवाई
पाली क्षेत्र में खनन होने का मामला आपके माध्यम से संज्ञान में आया है। इस समय वह लखनऊ मीटिंग में हैं। ललितपुर पहुंचकर रेंजर को मौके पर जाकर कार्रवाई के लिए निर्देशित करेंगे।
गोविंद शरण, प्रभागीय निदेशक
सामाजिक वानिकी प्रभाग ललितपुर।