ललितपुर। हाईवे स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित भाजयुमो की बैठक में भाग लेने स्कूटी से जा रहे भाजपा जिलाध्यक्ष राजकुमार जैन को अनियंत्रित गति से आ रही कार ने टक्कर मार दी। घटना के बाद कार का कुछ आगे बढ़ते ही टायर फट गया। जिससे कार चालक बाल-बाल बच गया। हादसे में घायल जिलाध्यक्ष को युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां उनके सिर में अधिक चोट आने पर सीटी स्कैन कराया गया।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजकुमार जैन बुधवार को दोपहर करीब एक बजे स्कूटी से भाजयुमो कार्यसमिति की बैठक में शामिल होने के लिए हाईवे स्थित पार्टी कार्यालय जा रहे थे। वह स्कूटी कार्यालय की ओर मोड़ रहे थे तभी सागर की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार उनकी स्कूूटी में टक्कर मारते हुए आगे बढ़ी तभी उसका एक टायर फट गया जिससे कार जहां की तहां रुक गई।
इस दौरान पार्टी कार्यालय की ओर जा रहे युवा मोर्चा के जिला महामंत्री आशीष हुंडैत और देवेंद्र सिंह राजपूत ने अपनी गाड़ी रोककर जिलाध्यक्ष तो तत्काल उठाया और जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उनकी सीटी स्कैन व एक्सरे कराने के बाद भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया। उधर, भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने घटनास्थल पर पहुंचकर कुछ दूर पर खड़ी कार के चालक को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने आरोपी कार चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि जिलाध्यक्ष को भर्ती कर उपचार किया जा रहा है। उधर, घटना की सूचना मिलते ही सदर विधायक रामरतन कुशवाह सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता अस्पताल पहुंचे गए। कोतवाल विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि घटना की तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। आरोपी कार चालक को हिरासत में ले लिया गया है।
हेलमेट लगाए होते तो सिर पर न आती चोट
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसा इतना जबरदस्त था कि टक्कर होने के बाद जिलाध्यक्ष की स्कूटी करीब 10-12 फिट दूर जाकर गिरी। यदि वह हेलमेट लगाए होते तो सिर में चोट लगने से बच सकती थी।