ललितपुर/बार। पूर्वांचल एवं बिहार राज्य में मनाए जाने वाले सबसे बड़े पर्व छठ पूजा का आयोजन बुधवार को बार क्षेत्र के ग्राम चिगलौआ पावर प्लांट के पास स्थित विष्णु भगवान मंदिर के प्रांगण में बड़ी धूमधाम से आयोजित हुआ। यहां मंदिर परिसर स्थित निकले नाले पर बने घाटों पर छठ पूजन किया गया और डूबते हुए सूर्य को भक्तों ने अर्घ्य दिया।
पूर्वांचल के अजीत कुमार सिंह ने बताया कि कार्तिक मास की अमावस्या को दीवाली मनाने के तुरंत बाद मनाए जाने वाले इस चार दिवसीय व्रत की सबसे कठिन और महत्वपूर्ण रात्रि कार्तिक शुक्ल षष्ठी की होती है।
पारिवारिक सुख-समृद्धि तथा मनोवांछित फल प्राप्ति के लिए यह पर्व मनाया जाता है। उधर, बिहार क्षेत्र के रहने वाले लोगों ने शहर के सुम्मेरा तालाब पहुंचकर छठ पर श्रद्घा व उत्साह के साथ पूजन किया और भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया। महिलाओं ने वेदी सजाकर पूजा की।