ललितपु्र। स्वामित्व योजना के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को प्रदेश के 7500 से अधिक ग्रामों में 11 लाख घरौनी का (डिजिटल व भौतिक) वितरण किया। इसमें जनपद के 51 गांवों में 6942 परिवारों को उनका मालिकाना हक मिल गया।
कलक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम का सजीव प्रसारण दिखाने के बाद प्रभारी डीएम-एडीएम नमामि गंगे लवकुश त्रिपाठी ने बताया कि कुछ साल पहले ग्रामीणों के पास उनके आवासों/ जमीन के कोई भी अभिलेख नहीं होते थे, जिस कारण अधिकांश विवाद जमीन-जायजाद से संबंधित सामने आते थे, परंतु प्रधानमंत्री जी ने ग्रामीणों को उनकी जमीन का मालिकाना अधिकार दिलाने की जिम्मेदारी ली और स्वामित योजना का शुभारंभ किया। योजना के शुरूहोने से ग्रामीणों को उनके आवासीय अभिलेख (घरौनी) मिल जाने से इस प्रकार के विवादों में कमी आई है, साथ ही ग्रामीणों को घरौनी के माध्यम से अपना व्यवसाय प्रारंभ करने के लिए बैंक आदि से ऋण लेने में भी आसानी होगी।
उन्होंने बताया कि जिले के 51 ग्रामों में 6942 घरौनियों का वितरण संबंधित उप जिलाधिकारी/ तहसीलदार द्वारा जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में कराया जा रहा है, जिनमें तहसील तालबेहट के 19 ग्रामों में 2678 घरौनी, सदर तहसील के आठ ग्रामों में 1243 घरौनी, तहसील महरौनी के आठ ग्रामों में 1824 घरौनी, तहसील पाली के छह ग्रामों में 386 घरौनी, तहसील मड़ावरा के 10 ग्रामों में 811 घरौनी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व में जनपद में 557 ग्रामों में 46206 घरौनियों का वितरण किया गया था, इस प्रकार जनपद में अब तक 608 ग्रामों में 53148 घरौनियों का वितरण किया जा चुका है। इस मौके पर उप जिलाधिकारी सदर मोहम्मद आवेश, तहसीलदार सदर श्याममणि त्रिपाठी एवं ग्रामीण लाभार्थी मौजूद रहे।