लाठी-डंडे से की मारपीट, फॉरेस्टर को बंधक बनाया
फरार चल रहे लकड़कट्टे को पकड़ने कुकरा गांव गई थी टीम
हमलावरों की पिटाई से फॉरेस्टर घायल, ग्रामीणों ने छुड़वाया
बांकेगंज (लखीमपुर खीरी)। लकड़ी कटान के आरोपी की तलाश में कुकरा गांव गई वन कर्मियों की टीम पर लकड़कट्टे के साथियों ने हमलाकर लाठी-डंडे से मारपीट की। हमलावरों ने फॉरेस्टर को बंधक बना लिया। आसपास के ग्रामीणों के हस्तक्षेप करने पर फॉरेस्टर को छोड़ा गया।
दुधवा टाइगर रिजर्व किशनपुर सेंक्चुरी के मैलानी रेंजर को जून में हुए अवैध कटान में शामिल एक आरोपी के पीलीभीत जिले के थाना सेहरामऊ उत्तरी क्षेत्र के कैसरपुर गांव निवासी मोबीन के कुकरा में छिपे होने की सूचना मिली थी। इस पर डिप्टी रेंजर वीपी सिंह, फॉरेस्टर गणेश शंकर शुक्ला, राजेश यादव और वॉचरों के साथ रेंजर मनोज कश्यप ने कुकरा गांव में छापा मारा। वहां उन्हें आरोपी मिल भी गया, लेकिन इस बीच आरोपी के साथियों ने वन कर्मियों की टीम पर हमला कर दिया।
हमलावरों ने वन कर्मियों की लाठी-डंडे से बुरी तरह पिटाई की और फॉरेस्टर गणेश शंकर शुक्ला को बंधक बना लिया। हमलावरों की पिटाई से फॉरेस्टर का सिर फट गया और कंधे में चोटें आईं। बाद में ग्रामीणों के हस्तक्षेप से किसी तरह फॉरेस्टर को छोड़ा गया। इस बीच आरोपी मौके से फरार हो गया।
फॉरेस्टर गणेश शंकर शुक्ला ने घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। मगर पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी और उसके साथी मौके से भाग चुके थे। रात में वन कर्मियों ने बांकेगंज सीएचसी में मेडिकल कराया। रविवार सुबह मैलानी थाने में घटना की तहरीर दे दी गई है।
उधर, किशनपुर सेंक्चुरी के रेंजर मैलानी मनोज कश्यप ने बताया कि अवैध कटान मामले में फरार चल रहे आरोपी की तलाश के लिए वन कर्मियों की टीम कुकरा गांव में गई थी। जहां आरोपी के साथियों ने टीम पर हमला कर फॉरेस्टर को बंधक बना लिया था। घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए मैलानी पुलिस को तहरीर दी है।