संपूर्णानगर के शांतिनगर खेत में अजगर के दबोचने से मृत पड़ा चीतल। संवाद
- फोटो : LAKHIMPUR
संपूर्णानगर। संपूर्णानगर वन रेंज के थाना हजारा क्षेत्र के एक खेत में विशालकाय अजगर चीतल से लिपटा दिखा, जिसे देख दहशत में आए ग्रामीणों ने वन कर्मियों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे वनकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद अजगर को अलग किया, लेकिन तब तक चीतल की मौत हो चुकी थी। वन कर्मियों के अजगर को जंगल में छोड़ने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
ट्रांस शारदा क्षेत्र के हजारा के शांतिनगर गांव के प्रधान सुखमम के खेत में मंगलवार को जब ग्रामीण पहुंचे तो वहां चीतल को लपेटे हुए अजगर दिखा। सूचना पर प्रधान के साथ काफी संख्या में ग्रामीण वहां पहुंचे और वन विभाग को मामले की सूचना दी।
सूचना पर वनकर्मी रामकुमार शेरा, जसवंत सिंह, रामनारायण आदि पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद करीब 15 फीट लंबे अजगर को चीतल से छुड़ाया। हालांकि तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। अजगर को बोरी में बंद कर सिंगाही खुर्द के जंगल में छोड़ दिया गया तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। संवाद
---
मुर्गी फार्म के पास फिर दिखें तेंदुए के पगचिह्न
अमीरनगर। मोहम्मदी रेंज की ककरहा बीट के तिलकपुर गांव के बाहर बने मुर्गी फार्म के पास सोमवार को खेतों में काम के लिए निकले लोगों ने तेंदुए के पगचिह्न देखे। एक सप्ताह से लगातार तेंदुए के पदचिह्न दिखने से लालनगंज, मूड़ामाफी और तिलकपुर गांवों में दहशत है।फॉरेस्ट गार्ड राजेश कुमार के नेतृत्व में गांव पहुंची वन विभाग की टीम ने पगचिह्नों को देखने के बाद ग्रामीणों को सतर्क रहने के लिए कहा है। राजेश कुमार ने बताया कि तेंदुए की लोकेशन पता लगाने के लिए कैमरे लगाए गए हैं। संवाद