धनगढ़ी (नेपाल) में गैंडों के अंगों की बिक्री करने वाले पकड़े गए अभियुक्त। संवाद
- फोटो : LAKHIMPUR
धनगढ़ी (नेपाल)। गैंडों का शिकार कर उनके अंगों की तस्करी और बिक्री करने में शामिल नेपाल के पांच लोगों को पार्क कर्मियों ने पकड़ा है। जिनपर वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
चितवन राष्ट्रीय निकुंज पार्क के प्रमुख अणनाथ बराल ने बताया कि बीते वर्ष से अब तक शिकारियों ने पार्क में पांच गैंडों का शिकार किया है। वन विभाग ने शिकारियों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया था, जिसके तहत नवीन पौडेल उर्फ मेख बहादुर नेपाली निवासी वार्ड तीन जिला मकवानपुर, वीर बहादुर बसनेत निवासी जाजरकोट, आरोष उप्रती निवासी रिजालटोल चितवन, रण बहादुर उर्फ जीत बहादुर निवासी वार्ड 28 चितवन समेत कुल पांच लोगों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया गया है। इनके साथ शामिल दस अन्य लोग फरार हैं जिनकी तलाश की जा रही है। गैंडा शिकार में शामिल सभी लोगों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पार्क प्रशासन ने 11 फरवरी 2021 को भी गैंडा अंग बिक्री में शामिल 14 लोगों को दो बंदूकों, स्कार्पियो कार व बाइक के साथ गिरफ्तार किया था। संवाद
----
नेपाल में दस वर्षीय नर गैंडे का शव बरामद
धनगढ़ी (नेपाल)। नेपाल के प्रमुख चितवन राष्ट्रीय निकुंज पार्क में लगातार गैंडों का शव मिलना जारी है। इस बार 10 वर्षीय गैंडे का शव मिला है। पिछले एक साल में यहां 36 गैंडों की मौत हो चुकी है।
नेपाल के सबसे बड़े और प्रसिद्ध चितवन राष्ट्रीय निकुंज पार्क में गैंडों की गणना में उनकी संख्या में वृद्धि हुई है। वहीं दूसरी तरफ एक साल से गैंडों पर संकट के बादल भी छाए हैं। पार्क के वार्डन अणनाथ बराल ने बताया कि पार्क के पश्चिम क्षेत्र कोलकाता टापू में कंधीकोहरा क्षेत्र के तहत बहने वाली नारायणी नदी के बाहरी दक्षिण किनारे पर करीब दस वर्षीय नर गैंडे का शव पड़ा मिला है। उसके सींग और नाखून सुरक्षित हैं। आशंका जताई जा रही है कि दलदली इलाके में फंसकर गैंडे की मौत हुई है। गैंडे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का खुलासा हो सकेगा। संवाद