जिला स्तरीय वॉलीबॉल टूर्नामेंट में लखीमपुर, पीलीभीत, शाहजहांपुर जिले की 16 टीमों ने लिया हिस्सा
बिजुआ। गलवान घाटी में अदम्य शौर्य का प्रदर्शन करने वाले अमर शहीद गुरुतेज सिंह की याद में ब्लॉक बिजुआ की ग्राम पंचायत जंगल नंबर सात के इमलिया फार्म पर दो दिवसीय जिला स्तरीय वॉलीबॉल टूर्नामेंट में लखीमपुर, पीलीभीत, शाहजहांपुर जिले की 16 टीमों ने हिस्सा लिया।
टूर्नामेंट का उद्घाटन भीरा कोतवाली के इंस्पेक्टर अजयराय ने किया। 16 टीमों में फाइनल में पहुंची टीमों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ, जिसमें पूरनपुर क्लब की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए स्वर्ण पदक तथा 5100 रुपये का पुरस्कार प्राप्त किया। छात्रावास लखीमपुर की टीम ने द्वितीय स्थान पर रहते हुए रजत पदक तथा 3100 रुपये का पुरस्कार प्राप्त किया। पहाड़पुर कुकरा की टीम को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
कार्यक्रम के आयोजक अनूप सिंह ने बताया वॉलीबॉल टूर्नामेंट अब हर साल किया जाएगा मैच रेफरी का दायित्व बृज मोहन मिश्र ने निभाया। इस मौके पर देवेंद्र सिंह, सतवंत सिंह, इंद्रजीत सिंह खास, जसवीर सिंह, हरविंदर सिंह निहाल सिंह, सुखदेव सिंह, गुरदेव सिंह, मनदीप झंडा आदि मौजूद रहे।