कंगना रनौत के खिलाफ भीखमपुर में शहीद राज नरायण की प्रतिमा के सामने मुंडन कराते लोग।
कहा, अभिनेत्री कंगना रनौत के खिलाफ दर्ज हो देशद्रोह की रिपोर्ट
भीखमपुर (लखीमपुर खीरी)। अभिनेत्री कंगना रनौत के बयान ‘आजादी भीख में मिली है’ को लेकर लोगों में उबाल बढ़ रहा है। रविवार को कंगना रनौत के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर कस्बे के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान दो लोगों ने मुंडन कराकर विरोध जताया।
दो दिन पहले फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत ने एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में कहा था कि हमें आजादी 2014 में मिली है। 1947 की आजादी तो भीख में मिली थी। इसको लेकर के कस्बे के लोगों ने विरोध जताया। संत किशोर पांडे ने शनिवार को कंगना रनौत के खिलाफ मितौली पुलिस को देशद्रोह का मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी थी। रविवार को साधन सहकारी समिति पर शहीद राज नारायण मिश्र की मूर्ति के सामने स्वाधीनता सेनानी श्याम सुंदर त्रिवेदी के पौत्र कुलदीप त्रिवेदी और ललित शुक्ला ने मुकदमा दर्ज कराने की मांग को लेकर मुंडन कराया। इस दौरान शहीद राजनरायन मिश्र के भतीजे नागेश्वर प्रसाद मिश्र मौजूद रहे।
नागेश्वर प्रसाद मिश्र का कहना है कि फिल्म अभिनेत्री ने इस तरह का बयान देकर क्रांतिकारियों और सेनानियों के परिवारों का अपमान किया है।
उन्होंने अभिनेत्री के इस बयान की कड़ी निंदा की और उन पर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कंगना के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया जाता तो वह धरना प्रदर्शन करेंगे। नागेश्वर प्रसाद का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे है। दूसरी तरफ कंगना रनौत पूरे स्वतंत्रता आंदोलन को ही धूमिल कर रही हैं। विरोध प्रदर्शन में संत किशोर पांडे, रामनिवास द्विवेदी, कुलदीप मिश्र, मुन्नालाल, पवन पांडे, विनोद कुमार अवस्थी आदि शामिल रहे।