चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट, मुख्य आरोपी हिरासत में
सिकंद्राबाद। नीमगांव थाना क्षेत्र के एक गांव से पांच दिन पहले अगवा हुई किशोरी रविवार को अपने परिजन के साथ थाने पहुंच गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर गांव के ही चार लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सिकंद्राबाद चौकी क्षेत्र के एक गांव निवासी पीड़िता के पिता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव के ही चार लोग उसकी पुत्री को बहलाकर अगवा कर ले गए थे। उसकी तलाश रिश्तेदारी आदि में की गई। परिवार वालों को रोहतक में किशोरी मुख्य आरोपी के साथ मिली, जिन्हें लेकर परिजन थाने चले आए। पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। चौकी इंचार्ज अभिषेक सिंह ने बताया कि किशोरी अपने परिजनों साथ थाने पहुंच गई है। मुख्य आरोपी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। अदालत में बयान दर्ज कराने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।