सुनील कुमार श्रीवास्तव, जिला कार्यक्रम अधिकारी
कॉल सेंटर रोजाना लेगा लोकेशन और ऑनलाइन उपस्थिति
लखीमपुर खीरी। महिला एवं बाल विकास विभाग के आंगनबाड़ी केंद्र व बाल विकास परियोजना कार्यालय के लापरवाह वर्कर एवं अधिकारी-कर्मचारियों पर शिकंजा कसेगा। इसके लिए विकास भवन स्थित जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय में काल सेंटर बनाया गया है।
जनपद में करीब 3500 आंगनबाड़ी केंद्र और 15 ब्लॉकों में बाल विकास परियोजना कार्यालय संचालित हैं। आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन वर्करों व सहायिकाओं द्वारा किया जाता है, जबकि सीडीपीओ कार्यालय में सुपरवाइजर, मुख्य सेविका आदि कर्मचारी रहते हैं। जिला कार्यक्रम अधिकारी सुनील कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों के समय से न खुलने और वर्करों के गायब रहने की शिकायतें ग्रामीणों द्वारा की जा रही हैैं।
आईजीआरएस पोर्टल पर भी काफी शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, जिसमें आंगनबाड़ी वर्करों व सीडीपीओ कार्यालय के कर्मचारी के ड्यूटी से गैर हाजिर रहने के आरोप लगाए गए हैं। इससे लाभार्थियों को समय से पोषाहार का वितरण नहीं किए जाने की शिकायतें मिल रही हैं। इसलिए डीएम के निर्देश पर काल सेंटर स्थापित किया गया है, जिसमें तैनात कर्मचारी सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक रेंडम आधार पर आंगनबाड़ी वर्करों से वीडियो काल के जरिये बात करेंगे। क्रास वेरीफिकेशन कराया जाएगा कि केंद्र पर कर्मचारी है या नहीं। सीडीपीओ कार्यालयों में उपस्थिति सुनिश्चित कराने के लिए उपस्थिति रजिस्टर की फोटो और सेल्फी को व्हाट्सएप पर भेजने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्रों पर होने वाली गतिविधियों की वीडियो काल के जरिये निगरानी की जाएगी। लाभार्थियों को प्राप्त होने वाली सामग्री का सत्यापन कराया जाएगा।