सिकन्द्राबाद। क्षेत्र के रायपुर गांव में डेंगू का एक और संभावित मरीज मिला है। रायपुर गांव निवासी नरेंद्र मौर्या को कई दिनों से बुखार आ रहा था। बृहस्पतिवार को रायपुर गांव में लगे शिविर में जांच कराई तो डेंगू के लक्षण मिलने पर उन्हें सिकंद्राबाद पीएचसी भेजा गया। वहां से जांच के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पिछले एक महीने में सिकंद्राबाद में कई मरीज डेंगू पॉजिटिव मिले हैं। करीब बीस से अधिक लोगों में डेंगू के लक्षण मिल चुके हैं। इस दौरान दो डेंगू पॉजिटिव की इलाज के दौरान मौत हो चुकी है। अब पड़ोसी गांव रायपुर में डेंगू पॉजिटिव मिलने से लोग आशंकित हैं। सिकन्द्राबाद में अभी डेंगू का प्रकोप थमा नही है। सिकंद्राबाद चौकी के आरक्षी दिनेश कुमार में भी डेंगू के लक्षण मिले हैं जिसका इलाज पुलिस लाइन में चल रहा है। इससे पहले चौकी प्रभारी समेत तीन पुलिस कर्मियों में डेंगू के लक्षण मिल चुके हैं। सीएचसी प्रभारी /नोडल अफसर कुम्भी (गोला) डॉ. गनेश कुमार ने बताया कि रायपुर में संदिग्ध डेंगू पॉजिटिव मिला है जिसे सिकन्द्राबाद से जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया है। संवाद