लखीमपुर खीरी। राहुल गांधी के समर्थन में दिल्ली जा रहे कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को सरकार के इशारे पर ईडी का सहारा लेकर परेशान करने के आरोप और सरकार की अग्निपथ योजना के विरोध में रविवार रात जिला प्रशासन ने कांग्रेस नेताओं को हाउस अरेस्ट कर लिया गया। इसके चलते न तो कांग्रेस कार्यकर्ता न तो दिल्ली जा पाए न स्थानीय स्तर पर प्रदर्शन कर पाए।
किसान कांग्रेस के पूर्व सह प्रभारी लखनऊ मंडल देवेंद्र कुमार ‘पंकज’ दिल्ली में होने वाले धरना प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे थे जिन्हें रात्रि करीब 11:00 बजे उनके आवास पर ही प्रशासन में नजरबंद कर दिया। उनके साथ अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के पूर्व अध्यक्ष कामिल उस्मानी, दीपक रस्तोगी, मून खान, मोबीन अली और दिलीप रस्तोगी को भी नजर बंद किया गया। इस मौके पर देवेंद्र पंकज ने कहा कि युवाओं को अग्निपथ योजना के नाम पर बर्बाद करने की चाल चली जा रही है। कांग्रेस कार्यकर्ता अब इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे।