पहली पत्नी ने चुराया था बच्चा, दर्ज हुआ मुकदमा
लखीमपुर खीरी। धौरहरा कोतवाली क्षेत्र के टेगनहा गांव सोनू पुत्र सकटू की डेढ़ महीने की बच्ची शनिवार तड़के चोरी हो गई, जिसे पुलिस ने शिकायत मिलने पर शनिवार शाम को निघासन क्षेत्र से बरामद कर लिया।
कोतवाल धौरहरा अनिल सिंह ने बताया कि शनिवार सुबह बच्ची चोरी होने की शिकायत मिली थी। शिकायत में टेगनहा निवासी सोनू पुत्र सकटू ने बताया कि दो साल पहले उसकी शादी पम्मी निवासी झंडी थाना निघासन से हुई थी। एक साल बाद तलाक हो गया था। इसके बाद उसने दूसरी शादी सुशीला से कर ली थी। इसी बात से नाराज होकर उसने सोनू को धमकी दी थी। इसी बात को आधार बनाते हुए जांच शुरू की गई तो पुलिस ने निघासन से पम्मी को हिरासत में लिया। मामले में 1098 चाइल्ड केयर पर सूचना दी गई तो उसकी निशानदेही पर चाइल्ड केयर की टीम ने औगढ़ बाबा मंदिर से बच्ची को बरामद किया। मामले में कोतवाल अनिल सिंह ने बताया कि सोनू की पहली पत्नी पम्मी के खिलाफ बच्चा चोरी मामले में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है।