11 जुलाई को एक साथ लगाए जाएंगे पौधे
हिफाजत वनकर्मियों और ग्रामीणों के भरोसे
24 घंटे में पौधरोपण की हर चार घंटे पर होगी रिपोर्टिंग
ग्रीन यूपी-क्लीन यूपी अभियान के तहत 11 जुलाई को पूरे प्रदेश में 24 घंटे के अंदर पांच करोड़ पौधे लगाए जाने हैं। इसमें खीरी जिले को कुल 1232250 पौधे रोपित करने का लक्ष्य दिया गया है। पौधरोपण के लिए कुल 119 स्थल चयनित किए गए हैं। इसके लिए वन विभाग ने एक माह पहले से ही तैयारियां शुरू कर दी थीं। पौधे लगाने के लिए सभी स्थलों पर गड्ढे खोदे जा चुके हैं। पौधरोपण के लिए करीब 12000 श्रमिकों की आवश्यकता होगी। पौधरोपण स्थलों पर नर्सरियों से पौधों को पहुंचाने का काम भी पूरा हो चुका है।
पौधरोपण के नोडल अधिकारी डीएफओ संजय विस्वाल ने बताया कि उत्तर खीरी वन प्रभाग में 72 स्थानों पर कुल 751625 पौधे लगाए जाने हैं। जबकि दक्षिण खीरी वन प्रभाग के 47 स्थलों पर 480625 पौधे लगाए जाएंगे। डीएफओ नार्थ सूरज ने बताया कि उत्तर खीरी वन प्रभाग की 20 नर्सरियों में 920077 पौधे तैयार हैं। दक्षिण खीरी वन प्रभाग की 13 नर्सरियों में पर्याप्त पौधे उपलब्ध हैं।
नोडल अधिकारी संजय विस्वाल ने बताया कि पौधरोपण के लिए मानक के अनुसार 45&45 सेमी आकर के गड्ढे खोदे गए हैं। इनमें आवश्यकतानुसार खाद भी डाली जा चुकी है। दो पौधों के बीच मानक के अनुसार पेड़ के फैलाव के हिसाब से चार मीटर की दूरी रखी जा रही है। पौधों की सुरक्षा के बाबत उन्होंने बताया कि पौधों की सुरक्षा के लिए शासन ने ट्री गार्ड आदि का इंतजाम नहीं किया है। पौधों की सुरक्षा की जिम्मेदारी वनकर्मियों और स्थानीय ग्रामीणों पर रहेगी। उन्होंने बताया कि पौधरोपण के लिए जिन स्थलों का चयन किया गया है वह सभी स्थल वन क्षेत्र के अंतर्गत आते हैं।
--
पौधरोपण पर रहेगी प्रशासन की नजर
पौधरोपण कार्यक्रम में पूरी पारदर्शिता के लिए इसकी निगरानी का पूरा इंतजाम किया गया है। जिले में पौधरोपण की निगरानी के लिए सभी सातों तहसीलों के एसडीएम को वरिष्ठ जोनल अधिकारी, तहसीलदारों को जोनल अधिकारी और 15 बीडीओ को सेक्टर अधिकारी बनाया गया है। इनके अलावा प्रत्येक स्थल पर दो ऑडीटर और दो निष्पक्ष गवाह तैनात किए जा रहे हैं। ऑडीटर और निष्पक्ष गवाहों को वन विभाग की ओर से बाकायदा प्रशिक्षण भी दिया गया है।
--
फैक्ट फाइल
जिले में पौधे लगाने का लक्ष्य 1232250
पौधरोपण के लिए चयनित स्थल 119
निगरानी के लिए वरिष्ठ जोनल अधिकारी 07
निगरानी के लिए जोनल अधिकारी 07
सेक्टर अधिकारी 15
ऑडीटर 238
निष्पक्ष गवाह 238
श्रमिक लगभग 12000